बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 27 अप्रैल। बालोद जिले में शुक्रवार तडक़े एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया। अछोली राइस मिल के पास, परसुली (देवरी) के नजदीक ट्रक और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक भुरका भाट के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 से 6.30 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक नांदगांव की ओर से दल्ली राजहरा की तरफ जा रही थी, तभी अछोली–परसुली मार्ग पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा लगातार सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।


