बलौदा बाजार

विश्व मलेरिया दिवस पर वनांचल ग्राम सारसडोल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम
27-Apr-2026 3:54 PM
 विश्व मलेरिया दिवस पर वनांचल ग्राम सारसडोल  में विशेष जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अप्रैल। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 25 अप्रैल को राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के माध्यम से जिले भर में विश्व मलेरिया दिवस पर विविध कार्यक्रम का आयोजन सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पोस्टर, पाम्पलेट सहित समूह चर्चा द्वारा मलेरिया रोग के लक्षण,उपचार और इससे बचाव हेतु सावधानियों का संदेश आम जन को दिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष के विश्व मलेरिया दिवस का थीम ‘मलेरिया को समाप्त करने को प्रेरित-अब हम कर सकते हैं ,अब हमको करना होगा’। जिले में विकासखंड कसडोल मलेरिया को लेकर एक संवेदनशील क्षेत्र है। इस वर्ष क्षेत्र के वनांचल ग्राम सारसडोल में विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने परिचर्चा के दौरान ग्रामीणों को बताया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज नामक मच्छर के काटने से फैलने वाली एक संक्रामक बीमारी है। ठंड के साथ तेज बुखार,कपकम्पी, सर,बदन दर्द आँखों मे दर्द कभी कभी बेहोशी ये कुछ लक्षण है जो मलेरिया हो सकते हैं ऐसी स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर अपना जांच एवं उपचार करवाना जरूरी है ।

जिले में मलेरिया के वाईवेक्स और फेलसीफेरम ये दो प्रकार मिलते हैं। मलेरिया में समय पर उपचार जरूरी है अन्यथा जान को खतरा भी हो सकता है।

गौरतलब है कि,जिले में मलेरिया के प्रकरण अब कम हो रहे हैं । वर्ष 2024 में 219 वर्ष 2025 में 60 तथा इस वर्ष अब तक मात्र एक केस मलेरिया के पाए गए हैं।

इस अवसर पर सरपंच अशोक कुमार बरिहा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ वंदना भेले, बीपीएम मनोज मिश्रा ,सरोजनी साहू,आशानन्द साहू ,चेतन वर्मा ,सुनील पैंकरा, प्रकाश कुर्रे, सरिता पैंकरा, हरदयाल पैंकरा ,सती वर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट