बलौदा बाजार

नपा सामान्य सभा की बैठक में प्रस्तुत हुआ लाभ का बजट
27-Apr-2026 3:26 PM
नपा सामान्य सभा की बैठक में प्रस्तुत हुआ लाभ का बजट

संसद में महिला विधेयक के पास नहीं होने पर निंदा प्रस्ताव पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अप्रैल। नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया गया। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार, विभिन्न स्रोतों से अनुमानित आय 64 करोड़ 77 लाख 54 हजार रुपये तथा व्यय 62 करोड़ 59 लाख 90 हजार रुपये प्रस्तावित है। इस प्रकार 2 करोड़ 17 लाख 64 हजार रुपये की बचत का अनुमान जताया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी द्वारा तैयार बजट की प्रति परिषद के समक्ष रखी गई।

बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं महिला आरक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पारित नहीं होने के संदर्भ में परिषद द्वारा  निंदा प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें विपक्ष की भूमिका की आलोचना की गई। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र माहले, हरजीत सिंह सलूजा, जितेंद्र डड़सेना, मनोज कांत पुरैना, आदित्य गुप्ता, कन्हैया सेन, प्रिया शशि भूषण शुक्ला, अमितेष नेताम, रेखा पोषण पटेल, रोहित साहू, लोकेश चेलक, सतीश पटेल, सुरेश घृतलहरे, गौतम चौहान, मंजू होरेलाल फेकर, सलमान शेख सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रस्तुत बजट में विभिन्न कार्यों के लिए प्रावधान किए गए हैं, जिनमें बस स्टैंड निर्माण, सब्जी बाजार, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, उद्यान निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सडक़ निर्माण, नाली एवं पुल-पुलिया निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

बैठक में अन्य विषयों जैसे मुक्ति धाम उन्नयन, नल कनेक्शन के लिए शुल्क निर्धारण, भूमि एवं दुकान नामांतरण, सामाजिक सहायता योजनाएं आदि पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 

 


अन्य पोस्ट