बलौदा बाजार

युवक की संदिग्ध मौत, पिटाई के निशान
26-Apr-2026 7:11 PM
युवक की संदिग्ध मौत, पिटाई के निशान

 परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम डेराडीह में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक के शरीर पर बेल्ट या डंडे से पिटाई के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संदिग्ध हालत में पड़ा मिला

मिली जानकारी के अनुसार, मामला कसडोल ब्लॉक के ग्राम डेराडीह का है, जहां बुधवार रात करीब 9 बजे युवक अपने घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।

परिजन उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र कसडोल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर गंभीर चोट और मारपीट के निशान पाए गए हैं।

ट्रैक्टर में मजदूरों के साथ नदी से रेत लेने गया था- पिता

मृतक के पिता के अनुसार, युवक साहिल ट्रैक्टर लेकर मजदूरों के साथ नदी से रेत लेने गया था। रात 8 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने साथ गए मजदूरों से पूछताछ की। मजदूरों ने बताया कि साहिल का ट्रैक्टर सबसे आखिर में रेत भरकर निकला था, इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद साहिल के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, युवक की मौत रहस्य बनी हुई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

 


अन्य पोस्ट