बलौदा बाजार

सीमेंट संयंत्र में हादसा, करंट से मजदूर की मौत
26-Apr-2026 7:06 PM
सीमेंट संयंत्र में हादसा, करंट से मजदूर की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 अप्रैल। अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र रावन के ग्रासिम विहार कॉलोनी परिसर में एक श्रमिक की खुदाई के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है।

पुलिस और मृतक के  परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी भानु ध्रुव अपने साथियों के साथ ठेका कंपनी के अधीन खुदाई का कार्य कर रहा था।

इस दौरान उसकी कुदाल जमीन में बिछी अंडरग्राउंड केबल से टकरा गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद श्रमिकों ने संयंत्र प्रबंधन को सूचना दी। श्रमिक को संयंत्र की एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया। बाद में परिजनों को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शी श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यस्थल पर अंडरग्राउंड केबल की जानकारी नहीं दी गई थी और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इस संबंध में पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

थाना सुहेला पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया है और एफएसएल टीम से भी जांच कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संयंत्र के एचओडी (एडमिन) संजीव मिश्रा ने श्रमिक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया की जा रही है। मृतक के परिजनों को 45 लाख रुपए प्रदान किया जाएगा।


अन्य पोस्ट