बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 अप्रैल। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके में एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 24-25 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक कोमल वर्मा अपने परिवार के साथ रहता था। घटना वाली रात उसके पिता और छोटा भाई छत पर सो रहे थे, जबकि उसकी मां किसी शादी समारोह में गई हुई थी। युवक उस समय घर के ऊपरी कमरे में अकेला था। सुबह परिवार के सदस्यों को जब उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला, तब उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसमें युवक ने अपनी प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने लिखा कि उसकी प्रेमिका उसके साथ धोखा (चीटिंग) कर रही थी। पुलिस ने नोट की सामग्री को जांच का हिस्सा बताया है और इसकी पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
मृतक के संबंध में जानकारी मिली है कि वह रायपुर में कार्यरत था और मूल रूप से बलौदाबाजार जिले के सुहेला क्षेत्र का निवासी था।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


