बलौदा बाजार

सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, युवक पर हमले का आरोप
25-Apr-2026 6:32 PM
सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, युवक पर हमले का आरोप

पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, आधा दर्जन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 अप्रैल। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, थाना पलारी क्षेत्र के 19 वर्षीय युवक ने 21 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस पोस्ट किया था। इसके बाद कुछ युवकों के साथ उसका विवाद शुरू हो गया।

शिकायत के अनुसार, 21 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे खरोसी नाला के पास कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें उसे आंख के पास चोट आई। यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की, हालांकि आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति और नहीं बढ़ी और आरोपी वहां से चले गए।

घटना के बाद घायल युवक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में आधा दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर विवाद की वजह सोशल मीडिया पर हुआ विवाद बताया जा रहा है।


अन्य पोस्ट