बलौदा बाजार
नपाध्यक्ष ने क्यू आर बोर्ड किया लोकार्पित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 अप्रैल। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के तहत नगर पालिका क्षेत्र में करदाताओं को कर संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए क्यूआर कोड बोर्ड लगाए जाने की योजना शुरू की गई है।
इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने डिजिटल क्यूआर कोड बोर्ड का लोकार्पण किया। इस दौरान सभापति पार्षद हरजीत सिंह सलूजा, कन्हैया सेन सहित अन्य उपस्थित रहे।
नगर पालिका के अनुसार, इन क्यूआर कोड बोर्ड के माध्यम से करदाता अपने मकान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें समेकित कर, संपत्ति कर और जलकर से संबंधित देय राशि का विवरण उपलब्ध होगा। क्यूआर कोड स्कैन करने पर करदाता का नाम और मकान का विवरण भी प्रदर्शित होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि इस व्यवस्था से लोग घर से ही अपने कर संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और भुगतान भी कर पाएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि इस योजना के तहत नगर क्षेत्र के लगभग 5010 मकानों में क्यूआर कोड बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य करदाताओं को सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रतिनिधि रवि फेकर, भारत भूषण साहू, राजस्व विभाग प्रभारी प्रसून शर्मा, सतेंद्र सिन्हा और गुरुदत्त तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


