बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 अप्रैल। नगर पालिका परिषद भाटापारा में अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में राजस्व, जल एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रीष्मकालीन जल आपूर्ति, राजस्व वसूली और स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों में नल कनेक्शन नहीं काटे जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान जल आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। शहर में अवैध नल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें वैध करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। राजस्व वसूली के लिए कर्मचारियों को घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क करने को कहा गया। सभी वार्डों में जल आपूर्ति की निगरानी कर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए। कचरा संग्रहण की नियमितता और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण को लागू करने पर जोर दिया गया। नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की बात कही गई।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और जल आपूर्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।


