बलौदा बाजार

नाम में मामूली अंतर से ई-केवाईसी अटक रही च्वाइस सेंटरों के चक्कर
17-Apr-2026 10:02 PM
 नाम में मामूली अंतर से ई-केवाईसी अटक रही च्वाइस सेंटरों के चक्कर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 अप्रैल। महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया में नाम संबंधी अंतर के कारण कई मामलों में सत्यापन प्रभावित हो रहा है। जिले में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए चॉइस सेंटरों का रुख कर रही हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग 1.22 लाख महिलाओं का ई-केवाईसी पूरा हो पाया है, जबकि शेष हितग्राहियों की प्रक्रिया जारी है। कई मामलों में योजना में दर्ज नाम और आधार कार्ड के नाम में अंतर होने के कारण सत्यापन नहीं हो पा रहा है।

जिले में ई-केवाईसी के लिए 216 चॉइस सेंटर अधिकृत किए गए हैं। इन केंद्रों पर हितग्राहियों की संख्या अधिक होने के कारण प्रक्रिया में समय लग रहा है। यह प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होकर 30 जून तक निर्धारित है।

चॉइस सेंटरों पर महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है। कुछ हितग्राहियों ने बताया कि सर्वर संबंधी समस्या के कारण कई बार प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है।

चॉइस सेंटर संचालकों के अनुसार, पोर्टल पर अधिक दबाव के कारण तकनीकी समस्या आ रही है, जिससे डेटा सेव करने में दिक्कत होती है। इस संबंध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि ई-केवाईसी के नाम पर महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी अतुल परिहार ने कहा कि ई-केवाईसी से संबंधित समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। हितग्राही अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि आगे मिलने वाली किस्तों में बाधा न हो।


अन्य पोस्ट