बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक हीट वेव (लू)चलने की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर बताया गया है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। 14 अप्रैल को 24.8 डिग्री, 15 अप्रैल को 25.8 डिग्री और 16 अप्रैल को 27 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म हवाओं के प्रवाह के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम.पी. थॉमस ने बताया कि जब तक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होता, तब तक तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है। आने वाले दिनों में तापमान और बढऩे की संभावना जताई गई है।
गर्मी की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में परिवर्तन किया है। अब प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक अवकाश रहेगा। यह आदेश विद्यार्थियों पर लागू होगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।


