बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में निजी बसों में चोरी की दो घटनाएं सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बीते तीन दिनों में अलग-अलग मामलों में यात्रियों के सामान और आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में एक महिला यात्री, टकेश्वरी साहू, ने शिकायत की है कि भाटापारा से रावन जाते समय बस में उनके गले से सोने की चेन गायब हो गई। महिला को उतरते समय इसकी जानकारी हुई। बस परिचालक द्वारा बस को कोतवाली थाने ले जाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बस में मौजूद यात्रियों की जांच की, लेकिन किसी संदिग्ध के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
ट्रॉली बैग गायब
दूसरी घटना मंगलवार की बताई जा रही है। धमतरी निवासी एक महिला ने शिकायत की है कि रायपुर से बलौदाबाजार आते समय उनके दो ट्रॉली बैग बस में रखवाए गए थे। बलौदाबाजार पहुंचने पर एक बैग गायब मिला।
शिकायत के अनुसार, गायब बैग में सोने-चांदी के जेवर और नगदी सहित करीब 1.78 लाख रुपये का सामान था। महिला ने यह भी बताया कि बैग बस के कर्मचारी को सौंपा गया था। घटना के बाद संबंधित बस कर्मचारी के उपलब्ध नहीं होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि यह जांच का विषय है कि बैग चोरी हुआ या किसी अन्य कारण से गायब हुआ। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश्वर केवट ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। चेन चोरी के मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें।


