बलौदा बाजार
भाटापारा, 15 अप्रैल। अंबेडकर चौक, गुरुनानक वार्ड में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में विधायक इंद्र साव ने कहा, डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, साहस और शिक्षा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और ऐसे भारत के निर्माण में भूमिका निभाई, जहां सभी को समान अधिकार मिले।
उन्होंने आगे कहा, शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो- यह संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों पर चलने और समाज में समानता तथा भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा, ईश्वर सिंह ठाकुर, सतीश अग्रवाल, गणेश ध्रुव, आलोक मिश्रा, त्रिलोक सलूजा, राजकुमार शर्मा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।