बलौदा बाजार
तिल्दा के साथ लगातार अन्याय हो रहा -शैलेश नितिन त्रिवेदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 अप्रैल। तिल्दा क्षेत्र में बाईपास रोड निर्माण, यातायात व्यवस्था और अवैध गतिविधियों के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के मंत्री टंकराम वर्मा के तिल्दा स्थित निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाईपास रोड निर्माण का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं हो रहा है। कुछ नेताओं ने नगर पालिका से जुड़े व्यक्तियों पर भी अतिक्रमण और अन्य गतिविधियों को लेकर आरोप लगाए।
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि, मंत्री के द्वारा विधानसभा के अन्य शहरों में बाईपास रोड बनाए गए हैं, लेकिन तिल्दा के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि शहर में सट्टा-जुआ और अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस और बड़ा आंदोलन करेगी। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक पर सभा का आयोजन किया गया।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक में सभा आयोजित की, जिसमें विभिन्न नेताओं ने अपने विचार रखे। सभा के बाद रैली निकालते हुए कार्यकर्ता मंत्री निवास की ओर बढ़े।
मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे से रोका गया। इस दौरान पुलिस और कुछ कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजितेश शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष बलदंउ राम साहू सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।


