बलौदा बाजार

भीषण गर्मी में हर घर तक पानी पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता- नपाध्यक्ष
13-Apr-2026 7:27 PM
भीषण गर्मी में हर घर तक पानी पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता- नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 13 अप्रैल। भीषण गर्मी के मद्देनजऱ नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा द्वारा नगर के सभी 31 वार्डों में पेयजल आपूर्ति को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में सभी वार्डों के पार्षदों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने-अपने क्षेत्रों की पेयजल स्थिति, संभावित समस्याओं एवं समाधान के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री शर्मा ने स्पष्ट कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़े, यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर वार्ड में पर्याप्त और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सभी 31 वार्डों की पेयजल व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए पार्षदों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली गई। सुझाव एवं समन्वय- सर्वदलीय पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर त्वरित और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

संसाधनों का सुदृढ़ प्रबंधन- पानी टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं पाइपलाइन मरम्मत हेतु विशेष टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया। त्वरित शिकायत निवारण- नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

परशुराम वार्ड का औचक निरीक्षण

बैठक के दौरान ही परशुराम वार्ड की महिलाओं द्वारा पेयजल समस्या की शिकायत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बैठक समाप्त होते ही सीधे वार्ड के प्रभावित स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि तकनीकी कारणों से जलापूर्ति बाधित हो रही थी।

 उन्होंने मौके पर उपस्थित जल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेयजल जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर किया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। हर वार्ड की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ही हम इस चुनौतीपूर्ण समय का प्रभावी ढंग से सामना कर सकते हैं। सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।


अन्य पोस्ट