बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 अप्रैल। टेलीग्राम ऐप के माध्यम से बिटकॉइन निवेश का झांसा देकर 12 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पंचशील नगर निवासी भानु प्रसाद भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2022 को उनसे टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया गया। आरोपी ने अलग-अलग आईडी से संपर्क कर बिटकॉइन में निवेश करने और कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया।
फर्जी लिंक से कराया निवेश
आरोपी ने विश्वास जीतने के बाद पीडि़त को फर्जी ईमेल लिंक भेजे, जिनके माध्यम से नेट बैंकिंग से कुल 12,43,250 की राशि निवेश करवाई गई। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाया गया, लेकिन जब रकम वापस मांगने पर आरोपी ने संपर्क तोड़ दिया, तब पीडि़त को ठगी का एहसास हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त जांच शुरू की। जांच के दौरान टेलीग्राम आईडी, फर्जी ईमेल लिंक, बैंकिंग ट्रांजेक्शन का गहन विश्लेषण किया गया। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभाष चंद्र धायल को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बिटकॉइन निवेश के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
ऐसे काम करता था ठगी का नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को निशाना बनाता था-सोशल मीडिया पर संपर्क कर भरोसा बनाना, हाई रिटर्न का लालच देना, निवेश की जानकारी देकर विश्वास जीतना, फर्जी लिंक के जरिए पैसे ट्रांसफर कराना, अंत में संपर्क तोड़ देना।


