बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 अप्रैल। बलौदाबाजार जिले की पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरोह कई राज्यों में फैला हुआ था और ऑनलाइन गेम के माध्यम से लोगों से हार-जीत पर पैसे लगवाकर अवैध कमाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और नेपाल के निवासी शामिल हैं, जिससे गिरोह के व्यापक नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस ने तकनीकी जांच, सर्विलांस और जमीनी स्तर पर समन्वित अभियान चलाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया, मोबाइल कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से संपर्क में रहते थे। ये लोग लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। गिरोह का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए तेजी से आर्थिक लाभ कमाना था।
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड , लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। कई दिनों की गुप्त निगरानी के बाद अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। पुलिस इनकी जांच कर रही है ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क और लेन-देन का खुलासा किया जा सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने अवैध कमाई के लिए ‘म्यूल अकाउंट्स’ का इस्तेमाल किया और नेपाल तक इसके तार जुड़े हुए हैं। पुलिस अब अन्य राज्यों में दर्ज मामलों को जोडक़र व्यापक जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी सफलता है। इससे लंबे समय से सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।