बलौदा बाजार
तीन माह का राशन एक साथ वितरण, व्यवस्था गड़बड़ाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत इस माह तीन माह का राशन एक साथ वितरण किए जाने की योजना लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती नजर आ रही है। लंबी और जटिल प्रक्रिया के चलते हितग्राहियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
एक हितग्राही पर लग रहा अधिक समय
पीडीएस दुकानों में राशन वितरण से पहले फिंगरप्रिंट सत्यापन अनिवार्य है। तीन माह का राशन एक साथ देने के कारण प्रत्येक हितग्राही के फिंगरप्रिंट 5-6 बार स्कैन किए जा रहे हैं। इससे एक व्यक्ति को राशन देने में करीब आधे घंटे तक का समय लग रहा है।
लंबी कतारें, सीमित वितरण
जिले में कुल 591 पीडीएस दुकानों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। जहां पहले एक दिन में 100 से अधिक कार्डधारियों को राशन मिल जाता था, वहीं अब एक दुकान से केवल 30-35 लोगों को ही राशन मिल पा रहा है।
राशन लेने पहुंचे कई लोगों ने बताया कि उन्हें सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद शाम तक राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।
तीन गुना स्टॉक रखना भी चुनौती
जिले में 3.88 लाख राशन कार्ड जारी किए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 3.7 लाख बीपीएल जबकि बाकी अंत्योदय और एपीएल श्रेणी के हैं। कुल हितग्राहियों की संख्या 13. 30 लाख के करीब हैं। जिले भर में पीडीएस की 591 दुकान के जरिए इन्हें राशन सप्लाई होती हैं। इसके लिए दुकानों में हर महीने 12 हजार मीट्रिक टन चावल का भंडारण होता हैं। अब 3 महीने का राशन एक साथ देने चावल का भंडारण भी तीन गुणा करना होगा। कई दुकानों में इतनी जगह नहीं हैं।
केरोसिन वितरण भी शुरू
इस माह से पीडीएस दुकानों के माध्यम से केरोसिन वितरण भी शुरू किया जा रहा है। जिले के लिए 24 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। शहरी क्षेत्र- प्रति कार्ड 1 लीटर, ग्रामीण क्षेत्र- प्रति कार्ड 2 लीटर
ई-केवाईसी अधूरी, कई वंचित
जिले में लगभग 90 प्रतिशत राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, लेकिन करीब 1.33 लाख लोग अब भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं, जिससे उन्हें राशन मिलने में बाधा आ रही है।
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत राम वर्मा ने कहा कि मशीन अपग्रेड होने के कारण प्रक्रिया फिलहाल धीमी है, लेकिन आने वाले दिनों में व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को राशन मिलेगा और किसी का कोटा नहीं कटेगा।


