बलौदा बाजार

कटगी में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा
08-Apr-2026 4:39 PM
कटगी में अवैध शराब बिक्री के  खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा

कलेक्टोरेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 8 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है।

महिलाओं ने बताया कि, गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित शराब विक्रेता पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि, अवैध शराब विक्रेता खुलेआम शराब बेच रहा है, जिससे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

ग्रामीणों ने बताया कि, इससे पहले भी थाना कसडोल में अवैध शराब बिक्री की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि, अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति और कानून व्यवस्था कायम रह सके।


अन्य पोस्ट