बलौदा बाजार

छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह, दाऊ कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण
06-Apr-2026 9:12 PM
छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह, दाऊ कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 6 अप्रैल। शहर से लगभग 3 किलोमीटर दूर ग्राम आलेसुर स्थित दाऊ कल्याण सिंह कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दाऊ कल्याण सिंह की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थी, प्राध्यापक, अतिथि एवं अग्रवाल समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दाऊ कल्याण सिंह की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुई। अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर उनके शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान को स्मरण किया।

मुख्य अतिथि कुलपति गिरीश चंदेल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। छात्रसंघ अध्यक्ष यमन कुमार वर्मा ने अपनी टीम के साथ पदभार ग्रहण किया।

अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि कृषि शिक्षा का संबंध उत्पादन के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य से भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे खाद्य उत्पादों के अनुसंधान एवं उत्पादन के लिए प्रेरित किया, जो स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हों।

वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें लोकनृत्य, समूहगान एवं नाट्य शामिल रहे।

कार्यक्रम में डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, जे.के. अग्रवाल, विंध्य अग्रवाल, एच.एल. सोनबोइर, डॉ. अंगद सिंह राजपूत, डॉ. देवेन्द्र उपाध्याय, अनूप अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष ने महाविद्यालय में ऑडिटोरियम, प्रयोगशालाओं एवं छात्रावास भवन की मांग रखी। कुलपति ने संस्थान की आवश्यकताओं पर विचार करने की बात कही। समापन पर विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया गया।


अन्य पोस्ट