बलौदा बाजार

पार्षद को चाकू दिखा जान से मारने की धमकी, आदतन बदमाश गिरफ्तार
05-Apr-2026 3:54 PM
पार्षद को चाकू दिखा जान से मारने की धमकी, आदतन बदमाश  गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 5 अप्रैल।  बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में वार्ड 11 के पार्षद को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आदतन बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

बलौदाबाजार सिटी कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। अब अपराधियों के निशाने पर जनप्रतिनिधि भी आ गए हैं। ताजा मामला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 दशरमा रोड के पार्षद सुरेश कुमार से जुड़ा है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ही आदतन बदमाश अमित डाहरिया ने पार्षद के साथ पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। 20 मार्च  को इस मामले में मारपीट और धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था।

आरोपी चाकू लेकर डराने-धमकाने लगा

वहीं 3 अप्रैल को आरोपी एक बार फिर पार्षद के घर के पास पहुंचा और हाथ में चाकू लेकर उन्हें डराने-धमकाने लगा। आरोपी ने चाकू लहराते हुए कहा कि, तुमने मेरे खिलाफ रिपोर्ट क्यों की और जान से मारने की धमकी दी।

 

चाकू बरामद

पीडि़त पार्षद ने तत्काल थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पहले भी 18 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ दी है और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 ज्ञात हो कि, आरोपी आदतन बदमाश है, उसके खिलाफ पूर्व में भी सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसे निगरानी शुदा गुंडा बदमाश की भी सूची में रखा गया है।


अन्य पोस्ट