बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 3 अप्रैल। जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कलेक्टर महोदय से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक साहू, नीरज बांधे एवं लखेश साहू अनु जा. जिला अध्यक्ष जीतेन्द्र नवरत्न भी उपस्थित रहे। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिले में संचालित अवैध गतिविधियों के संबंध में कलेक्टर महोदय का ध्यान आकृष्ट कराया गया। विशेष रूप से अवैध रूप से चुना, पत्थर, रेत एवं इमारती लकड़ी के परिवहन तथा क्रशरों द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक खनन खुदाई किए ।
जाने के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने अवगत कराया कि इन गतिविधियों के कारण शासन को राजस्व की हानि हो रही है एवं पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने अवैध परिवहन पर रोक लगाने हेतु चेक पोस्टों की निगरानी को सुदृढ़ करने तथा क्रशर एवं खनन गतिविधियों की नियमित जांच सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया।
कलेक्टर द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान कर चेक पोस्टों की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर नियंत्रण हेतु सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की