बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 मार्च। पुलिस चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जांच, पंचनामा कार्यवाही और गवाहों के बयान के आधार पर यह पाया गया कि मृतिका युवती का आरोपी अजय टंडन ग्राम बलौदा हसुवा, थाना गिधौरी, के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी द्वारा विवाह का आश्वासन देकर संबंध स्थापित किया गया था।
25 जनवरी 2026 को युवती ने आरोपी को अपने घर ग्राम गिरौदपुरी बुलाकर विवाह के लिए कहा। इस दौरान आरोपी द्वारा मना करने पर युवती ने अपनी कलाई काट ली और कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया।
परिजनों द्वारा युवती को उपचार के लिए पहले कसडोल और बाद में चंदा देवी तिवारी अस्पताल, बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 1 फरवरी 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने जांच करते हुए धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने विवाह का आश्वासन देने और बाद में मना करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को 30 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की है।