बलौदा बाजार

नपा में नई व्यवस्था, मोबाइल से कोड स्कैन करने पर मकान की आईडी और पूरा अपडेट के साथ दिखेगा बकाया टैक्स
30-Mar-2026 4:17 PM
नपा में नई व्यवस्था, मोबाइल से कोड स्कैन करने पर मकान की आईडी और पूरा अपडेट के साथ दिखेगा बकाया टैक्स

21 वार्डों में 5048 मकान चिन्हांकित, अब किसी को घर ढूंढने में नहीं होगी परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 मार्च। शहर में अब हर मकान के बाहर डिजिटल क्यूआर कोड युक्त प्लेट नजर आएगी। नगर पालिका द्वारा इस नई व्यवस्था की शुरुआत 1 अप्रैल से की जा रही है, जिसके तहत घर-घर जाकर कोड प्लेट लगाने का काम किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल सुविधा प्रदान करना और टैक्स भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाना हैं।

नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार क्यूआर कोड  प्लेटो की पहली खेप जल्द ही पहुंचने वाली हैं। फिलहाल करीब 5000 प्लेट मंगाई गई है, जबकि पालिका क्षेत्र के 21 वार्डों में कुल 5048 मकान चिन्हित किए गए हैं। शेष नए बनने वाले मकान के लिए भी प्लेट लगाने की प्रक्रिया नगर पालिका द्वारा आगे जारी रखी जाएगी।  इस डिजिटल प्लेट के माध्यम से मकान से जुड़ी पूरी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध हो सकेगी। पालिका अपने मोबाइल से क्यू आर कोड स्कैन कर संबंधित मकान की प्रॉपर्टी आईडी, मलिक का नाम, पता, वार्ड क्रमांक, प्लॉट एरिया, प्लाट नंबर, टैक्स की राशि, बकाया राशि सहित अन्य जरूरी विवरण आसानी से देख सकेंगे। इसके साथ ही मकान की लोकेशन और तस्वीर भी स्क्रीन पर दिखाई देगी।  सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि अब लोगों को संपत्ति कर या अन्य करों के भुगतान के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्यू आर कोड स्कैन करने पर खुला पेज में पे नाऊ का विकल्प दिया जाएगा जिसके जरिए जी पे फोन पे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान किया जा सकेगा है। इस तरह पालिका के टैक्स का भुगतान करना अब एकदम आसान हो जाएगा।

कोड बनेगा डिजिटल एड्रेस पारदर्शिता को बढ़ावा

भुगतान की गई राशि सीधे नगर पालिका के राजस्व खाता में जमा होगी और टैक्स जमा होने की जानकारी तत्काल अपडेट भी हो जाएगी। क्यू आर कोड प्लेट के जरिए पता ढूंढना भी आसान हो जाएगा। यह प्लेट अब घरों का डिजिटल एड्रेस बन जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को अपने घर का लोकेशन किसी को भेजना हो तो वह सीधे क्यू आर कोड साझा कर सकता हैं। इसे स्कैन करने पर गूगल मैप के जरिए संबंधित व्यक्ति सीधे घर तक पहुंच सकेगा। यह व्यवस्था पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिकों को समय की बचत भी करेगी। अब तक लोगों को यह भी जानने के लिए पालिका कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ता था कि उसका कितना टैक्स बकाया है अब खुद ही पता चल जाएगा।

घर बैठे टेक्ट भुगतान

अब संपत्ति कर समेकित कर आदि के लिए नगर पालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मोबाइल से स्कैन कर तुरंत ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा।

पूरी जानकारी एक क्लिक पर

मकान की प्रॉपर्टी आईडी, मकान मलिक का नाम, बकाया टैक्स, प्लांट विवरण जैसी सभी जानकारी तुरंत मोबाइल पर उपलब्ध होगी।

टैक्स देना है और कितना बकाया है यह खुद देख सकेंगे जिससे भ्रम या गलत जानकारी की संभावना कम होगी। लाइन में लगे या कर्मचारी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी जिससे समय की बचत होगी।

आसान लोकेशन शेयरिंग कर कोड के जरिए घर का डिजिटल पता मिल जाएगा जिसे भेज कर कोई भी व्यक्ति गूगल मैप से सीधे लोकेशन तक पहुंच सकेगा।

रिकॉर्ड हमेशा अपडेट

जैसे ही टैक्स जमा होगा जानकारी तुरंत अपडेट हो जाएगी जिससे पुराना बकाया या गलत रिकॉर्ड की समस्या नहीं रहेगी। यह व्यवस्था आगे अन्य नागरिक सेवाओं से भी जुड़ सकती हैं। जिससे और सुविधाएं मिलेंगी हैं।

स्मार्ट सिटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सीएमओ

नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी के अनुसार यह पहला स्मार्ट सिटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। नगरीय क्षेत्र के सभी मकानों के लिए डिजिटल क्यू आर कोड प्लेट लगने की योजना तैयार कर ली गई हैं। इसके लागू होने से हर मकान का डिजिटल एड्रेस होगा।


अन्य पोस्ट