बलौदा बाजार

शोभायात्रा निकाल जवारा विसर्जन
29-Mar-2026 8:28 PM
शोभायात्रा निकाल जवारा विसर्जन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 29 मार्च। चैत्र नवरात्रि की पूर्णाहुति और रामनवमी के पावन अवसर पर नगर के नवधा चौक में भक्ति और सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला। जोत-जवारा विसर्जन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के लिए फलाहार वितरण का आयोजन किया गया।

इस सेवा कार्य का नेतृत्व पार्षद एवं सभापति दीपा दशरथ साहू द्वारा महिला मंडली के साथ किया गया।

लगातार तीसरे वर्ष निभा रही परंपरा

यह उल्लेखनीय है कि दीपा साहू द्वारा यह सेवा कार्य लगातार पिछले तीन वर्षों से किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे समर्पण के साथ आयोजन किया गया, जिसकी नगरवासियों ने सराहना की।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि भक्तों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।

पार्षद एवं सभापति दीपा दशरथ साहू ने कहा- माता रानी एवं पूर्वजो की असीम कृपा से हमें सेवा का यह सौभाग्य पिछले 3 वर्षों से मिल रहा है। भक्तों के चेहरे पर संतोष और भक्ति के भाव देखकर आत्मिक सुख मिलता है। हमारी महिला मंडली भविष्य में भी इस परंपरा को और भव्य रूप में जारी रखने का संकल्प लेती है।

शहर के शीतला मंदिर सहित विभिन्न वार्डों से गाजे-बाजे और जसगीतों के साथ जवारा निकाला गया। सभी जवारा का विसर्जन विधि-विधान के साथ नक्खी बाबा तालाब में संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट