बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 27 मार्च। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले में टीबी के प्रति जागरूकता और उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’संदेश के साथ आयोजित किया गया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी रही। नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी, जबकि स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि हर वर्ष 24 मार्च को विश्व क्षय दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘हाँ! हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं’ रखी गई है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित क्षेत्रों में संभावित मरीजों की पहचान के लिए मोबाइल मेडिकल टीमों का गठन किया गया है, जो जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। इसके लिए हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों का भी उपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान टीबी के इलाजरत मरीजों के लिए काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए गए, जिसमें नियमित दवा लेने और पूरा उपचार करने की सलाह दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों को टीबी उन्मूलन के लिए शपथ दिलाई गई। जागरूकता कार्यक्रमों में निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र अभियान की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में पिछले वर्ष 31,663 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 1,217 मरीजों का उपचार किया गया। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जांच और उपचार की सुविधा पहुंचाई जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और उपचार पूरा करें, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।


