बलौदा बाजार

पत्नी पर पेट्रोल डाल आग लगाने की कोशिश, बंदी
25-Mar-2026 7:50 PM
 पत्नी पर पेट्रोल डाल आग लगाने की कोशिश, बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 मार्च। बलौदाबाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को पति-पत्नी के बीच पिकनिक जाने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर पेट्रोल डाला और आग लगाने का प्रयास किया। महिला ने स्वयं को बचाते हुए वहां से निकलकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि पति को उस पर शक था कि वह पिकनिक के बहाने किसी अन्य व्यक्ति से मिलने जा रही है, जिसके चलते विवाद हुआ। महिला का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई।

जांच अधिकारी लखेश केवट के अनुसार, घटना के दिन महिला अपने माता-पिता के साथ पिकनिक पर जाने की तैयारी कर रही थी, जिस पर आरोपी ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया। उनके अनुसार, विवाद के दौरान गाली-गलौच और मारपीट की घटना भी हुई।

पुलिस ने मामले में प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की कोशिश और धमकी से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 


अन्य पोस्ट