बलौदा बाजार
क्षेत्र के हर गांव और हर वार्ड तक विकास की रोशनी पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता-बृजमोहन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 मार्च। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के सतत प्रयासों से बलौदा बाजार और भाटापारा विधानसभा क्षेत्र को विकास की एक और बड़ी सौगात मिली है। सांसद श्री अग्रवाल की अनुशंसा पर जिला खनिज न्यास निधि से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 5.99 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है।
इस राशि से बलौदा बाजार और भाटापारा जिले के 25 आंगनबाड़ी केन्द्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र बनाया जाएगा, साथ ही पाटन में जल संचयन हेतु अमृत सरोवर के तर्ज पर तालाब पुनरूद्धार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, आहता निर्माण, पेवर ब्लॉक निर्माण, स्ट्रीट लाइट की स्थापना तथा स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के हर गांव और हर वार्ड तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासोन्मुख सोच से प्रेरित होकर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
उनका लक्ष्य है कि शहर से लेकर गांव तक हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हों और आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं प्राप्त हों।स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनके सक्रिय नेतृत्व और सतत पहल के कारण क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सांसद श्री अग्रवाल के प्रयासों से क्षेत्र में और अधिक विकास कार्य होंगे तथा बलौदा बाजार और भाटापारा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।