बलौदा बाजार

कर्मा जयंती में शामिल हुए विधायक
18-Mar-2026 7:37 PM
कर्मा जयंती में शामिल हुए विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 18 मार्च। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों  दुलदुला, कचलोन, औरेठी, डोगरिया तथा पौसरी में माता कर्मा जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन सभी गांव के कार्यक्रम में विधायक इंद्र साव ने शामिल होकर भक्त माता कर्मा जयंती की बधाई देते हुए लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने और युवाओं से नशा से दूर रहने का आह्वान किया।

विधायक इंद्र साव विधानसभा क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन गांवों में आयोजित कर्मा जयंती में शामिल होते हुए अपने संबोधन में समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी परंपराओं और संस्कारों से होती है, इसलिए हमें अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजकर आगे बढ़ाना होगा,जिसके लिए  समाज के सभी लोगों में आपसी एकता,भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेने की जरूरत है।

विधायक इंद्र साव ने आगे कहा कि समाज में आदर्श विवाह को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे अनावश्यक और फिजूल खर्च से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सादगीपूर्ण और आदर्श विवाह से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा आर्थिक रूप से भी लोगों को राहत मिलती है।

इसके पूर्व कर्मा जयंती के अवसर पर सभी गांवों में श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। यह यात्रा  पूरे गांव से होकर निकली,  जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया और उपस्थित लोगों ने भक्त माता कर्मा जयंती की एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, प्रगति और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष रामनाथ साहू, तहसील उपाध्यक्ष भुवन साहू,  ग्रामीण परिक्षेत्र अध्यक्ष शेषनारायण साहू, लक्ष्मना परिक्षेत्र सचिव नेतराम साहू, बिसौहा साहू, बनसांकरा ग्राम प्रमुख मनोज लीलाधर साहू, वीरेंद्र साहू,तहसील मीडिया प्रभारी ओंकार साहू , केवल साहू, नरेश साहू, कामिनी जीवन साहू, रामाधार साहू, मालिकराम साहू, पुरूषोतम साहू, कुंजराम साहू , ग्राम प्रमुख जीवन साहू, कमल साहू, चंद्रकुमार साहू, बिसौहा साहू सहित बड़ी संख्या में पूरे विधानसभा क्षेत्र से समाज के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट