बलौदा बाजार
प्रशासन सतर्क, पांच घरेलू सिलेंडर जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 18 मार्च। ईरान-इजरायल तनाव की खबरों के बीच शहर में एलपीजी सिलेंडरों की मांग बढऩे की जानकारी सामने आई है। गैस एजेंसियों के अनुसार सिलेंडर बुकिंग में वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि उपलब्ध स्टॉक सीमित बताया जा रहा है।
प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के अनुसार यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। वर्तमान में कमर्शियल गैस की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित रखी गई है, जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहने की बात कही गई है।
जिला प्रशासन ने गैस वितरकों और पेट्रोल पंप संचालकों को आपूर्ति नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसी बीच खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के नेतृत्व में टीम ने होटल, ढाबों और कैंटीनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं खाद्य अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से संचालन में कठिनाई आ सकती है। उनका कहना है कि यदि स्थिति बनी रहती है, तो कुछ प्रतिष्ठानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। स्थानीय गैस एजेंसी के अनुसार सिलेंडरों की सप्लाई नियमित रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत गैस उपलब्ध कराई जा रही है। खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि प्रशासन के निर्देश के बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कामर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगाई गई हैं। फिलहाल इसकी आपूर्ति केवल अस्पतालों और स्कूलों में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल गैस घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


