बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 मार्च। जिले में एक ओर जहां 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोमवार को शुरू हो गया है, वहीं दूसरी ओर सोमवार से पांचवीं और आज से आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं भी प्रारंभ हो गई हैं।
जिला मुख्यालय स्थित पं. चक्रपाणि हाई स्कूल में बनाए गए मूल्यांकन केंद्र में लगभग 450 शिक्षक 10वीं और 12वीं की करीब 1 लाख 25 हजार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेंगे। शिक्षा विभाग ने मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था की हैं। मूल्यांकन प्रभारी वंदनी श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मूल्यांकन केंद्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि भीम निबार्ध और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें। शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे केवल उसी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे जिसे वे स्वयं पढ़ते हैं। इससे मूल्यांकन की गुणवत्ता और सटीकता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक उत्तर को ध्यान पूर्वक पढक़र ही अंक प्रदान करें। आदर्श उत्तर से अलग लेकिन सही और तार्किक उत्तर होने पर भी आवश्यकता अनुसार अंक दिया जाएंगे। अंक काटते समय उचित कारण होना चाहिए और विद्यार्थियों की मौलिक अभिव्यक्ति, भाव, भाषा की शुद्धता तथा विषय की समझ को ध्यान में रखकर मूल्यांकन किया जाएगा।
भाषा विषयों में वाक्य संरचना को विशेष महत्व देने के निर्देश दिए गए हैं। केवल भाषा की सजावट के आधार पर अंक नहीं दिए जाएंगे। यदि छात्र ने बिंदुवार या विवेचनात्मक उत्तर लिखा है तो उसके अनुसार उचित अंक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही एक ही प्रकार के वर्तनी त्रुटि पर बार-बार अंक नहीं काटने की सलाह दी गई हैं।
दो लोट में होगा कॉपियों का मूल्यांकन
शिक्षा विभाग के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच दो लोट में की जाएगी। पहले लोट में शुरुआती तीन पेपर की कॉपियां मूल्यांकन केंद्र पहुंच चुकी हैं। इन कॉपियों की जांच पूरी होने के बाद दूसरे लोट में अंतिम तीन पेपर की उत्तर पुस्तिकाएं केंद्र भेजी जाएगी। जिले में कुल लगभग 1 लाख 25 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
मूल्यांकन के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी
मूल्यांकन कार्य में पारदर्शी और सटीकता बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा शिक्षकों को कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए गए हैं।
प्रत्येक मूल्यांकन करता को प्रतिदिन निर्धारित संख्या में दोनों कॉपियों में 20-20 उत्तर पुस्तिकाओं की ही जांच करने की अनुमति दी गई हैं। अंक देते समय निर्धारित अंक विभाजन का पालन करना अनिवार्य होगा और गलत उत्तरो का स्पष्ट रूप से शून्य अंक लिखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी परीक्षार्थी में निर्धारित प्रश्नों से अधिक उत्तर लिखे है तो अतिरिक्त उत्तरों को लाल स्याही से कटकर अतिरिक्त लिखना होगा। साथ ही उत्तर पुस्तिका के सभी खाली या कोरे पन्नों पर लाल स्याही से क्रॉस करना अनिवार्य किया गया हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी लिखे हुए उत्तर को बिना जांचे छोडऩा दंडनीय त्रुटि मानी जाएगी।
पांचवी और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू
इधर जिले में पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं भी सोमवार से शुरू हो गई हैं। 16 मार्च को कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों का पहला पेपर गणित का हुआ। वहीं 17 मार्च को कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू होगी जिसका पहला पेपर भी गणित का ही रहेगा। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में पांचवी कक्षा की परीक्षा में 23 हजार 948 और आठवीं में 23 हजार 376 विद्यार्थियों शामिल होंगे। इस वर्ष निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पांचवी के लिए 1 हजार 111 और आठवीं के लिए 650 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


