बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 मार्च। गर्मी की शुरुआत के साथ ही पलारी नगर में पेयजल आपूर्ति को लेकर समस्या सामने आने लगी है। नगर में नलों से दिन में एक बार सीमित समय के लिए पानी की आपूर्ति हो रही है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आपूर्ति से उन्हें कम मात्रा में ही पानी मिल पा रहा है।
नगर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगभग 10 वर्ष पहले अमेठी एनीकट से पलारी तक पानी लाने के लिए नल-जल योजना के तहत पंप हाउस और पानी की टंकी का निर्माण किया गया था। योजना के अनुसार अमेठी एनीकट से पाइपलाइन के माध्यम से नगर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था प्रस्तावित थी। हालांकि यह योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि योजना के अधूरा रहने के कारण नगर के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अमेठी एनीकट की स्थिति को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चिंता जताई गई है।
इस संबंध में पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू और पिंटू वर्मा ने कहा कि नगर में पिछले लगभग 10 वर्षों से नए बोरवेल का खनन नहीं हुआ था, जिसके कारण पानी की समस्या बढ़ रही थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में नगर पंचायत द्वारा दो नए बोरवेल का खनन कराया गया है।
नगर पंचायत के अनुसार पानी की आवश्यकता को देखते हुए जरूरत वाले वार्डों में टैंकर के माध्यम से भी पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।


