बलौदा बाजार

फायर स्टेशन मंजूर, जमीन और बजट भी मिला, फिर भी निर्माण शुरू नहीं
15-Mar-2026 3:48 PM
फायर स्टेशन मंजूर, जमीन और बजट   भी मिला, फिर भी निर्माण शुरू नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 मार्च। शहर में हाल के समय में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद जिला मुख्यालय में फायर स्टेशन की आवश्यकता का मुद्दा सामने आया है। फायर स्टेशन के लिए स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है।

वर्तमान में आगजनी की किसी घटना पर फायर ब्रिगेड वाहन को ग्राम अमेरा स्थित जिला सेनानी नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कार्यालय से आना पड़ता है, जो शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर है। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे कई मामलों में मौके पर पहुंचने में समय लगता है। जानकारी के अनुसार करीब चार वर्ष पहले तक नगर पालिका का फायर ब्रिगेड वाहन नगर पालिका परिसर में रखा जाता था। वर्ष 2020 में इसे जिला सैनानी नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा को सौंप दिया गया, जिसके बाद से इसका संचालन ग्राम अमेरा से किया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में शहर में आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड जल्दी पहुंच जाए तो नुकसान को कम किया जा सकता है। हाल ही में बिजनेस सेंटर और तहसील कार्यालय के पुराने भवन में आग लगने की घटनाओं के बाद फायर स्टेशन की आवश्यकता को लेकर चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार नगर में फायर स्टेशन के लिए लगभग 1 करोड़ 14 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है और गौरव पथ के पास लगभग 32 डिसमिल जमीन इसके लिए निर्धारित की गई है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। अमेरा स्थित अग्निशमन कार्यालय में चार फायर ब्रिगेड वाहन और लगभग 14 कर्मचारी तैनात हैं। यहां आगजनी और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न उपकरण उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। इस संबंध में बलौदाबाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने जिला मुख्यालय में जल्द फायर स्टेशन शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि आगजनी की घटनाओं के दौरान देरी से पहुंचने पर व्यापारियों और आम लोगों को नुकसान होता है।

वहीं फायर स्टेशन प्रभारी जितेन कुर्रे ने बताया कि जुलाई 2025 में फायर स्टेशन के लिए जमीन और बजट स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नए फायर स्टेशन का ड्राइंग और डिजाइन लोक निर्माण विभाग को भेजा गया है और निर्माण कार्य उसी विभाग द्वारा किया जाएगा।


अन्य पोस्ट