बलौदा बाजार
गौरांशी महिला स्व-सहायता समूह करेगी संचालन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 मार्च। स्थानीय वार्ड क्रमांक 4 सामुदायिक भवन में गौरांशी महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा उचित मूल्य की दुकान का प्रारम्भ की गई, उक्त सार्वजनिक वितरण केंद्र का नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन के द्वारा फीता काटकर पूजन कर शुभारंभ किया गया।
वार्ड के नागरिकों को सुगमता पूर्वक खाद्यान्न का आबंटन प्रदाय किया जा सके इसी दृष्टिकोण से उक्त उचित मूल्य की दुकान शुरू की गई है,
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने गौरांशी महिला स्व सहायता समूह के द्वारा इसका संचालन किये जाने पर समूह की अध्यक्ष एवम पार्षद श्रद्धा मनीष वर्मा, व सचिव रानी सिन्हा सहित सभी सदस्यों को बधाई दी गई व कहा कि मुख्य दुकानों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वार्ड की जनता को लाइन लगाकर चावल एवं खाद्यान्न सामग्री लेना पड़ता है ऐसे में छत्तीसगढ़ शासन की योजना के अनुरूप वार्ड में उचित मूल्य की दुकान प्रारंभ होने से जन सामान्य को आसानी से खाद्यान्न का आबंटन प्राप्त होगा, यह शासन के द्वारा जन सामान्य को सुविधा देने के लिए सार्थक प्रयास है जिसका लाभ वार्ड की जनता को मिलेगा।
वितरण केन्द्र प्रारंभ के अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष जितेन्द्र महाले, पार्षद एवम सभापति मनोज कांत पुरैना, ममता सुभाष राव, डिगेश्वरी रविन्द्र नामदेव, पूर्व मंडी सचिव योगेश अग्रवाल पूजन में उपस्थित थे, वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 के नागरिकों के लिए संचालित उचित मूल्य की दुकान का लाभ वार्ड वासियों को प्राप्त होगा, खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की देखरेख में महिला स्व- सहायता समूह द्वारा दुकान का संचालन किया जाएगा।


