बलौदा बाजार

सुलभ शौचालय के आसपास खुले में शौच से नागरिकों को हो रही असुविधा
11-Mar-2026 4:33 PM
सुलभ शौचालय के आसपास खुले में शौच से नागरिकों को हो रही असुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 11 मार्च। शहर के नए बस स्टैंड परिसर में सुलभ शौचालय के आसपास खुले में पेशाब किए जाने की समस्या लगातार बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलायें पुरुष बच्चे यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन शौचालय के आसपास फैली तीव्र दुर्गंध से आम नागरिक, यात्रियों और आसपास के दुकानदारों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई लोग शौचालय का उपयोग किए बिना ही उसके आस-पास ही पेशाब कर देते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैलती है। यात्रियों का कहना है कि बस का इंतजार करते समय उन्हें दुर्गंध के बीच खड़ा होना पड़ता है, जिससे उनकी यात्रा और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कई बरसों से चली आ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार इस विषय में नगर पालिका प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इस समस्या के कारण बस स्टैंड परिसर में सफाई और स्वच्छता की स्थिति निरंतर बिगड़ती जा रही है। नागरिकों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या इस समस्या की जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन को है। कई लोग मानते हैं कि जानकारी होने के बावजूद अब तक इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। यदि प्रशासन गंभीर होता और नियमित निगरानी तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करता तो यह समस्या काफी हद तक नियंत्रित की जा सकती थी।

विशेषज्ञों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। ऐसे में नगर पालिका को सुलभ शौचालयों के आसपास नियमित सफाई, चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और निगरानी के माध्यम से खुले में पेशाब रोकने की कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने जैसे कदम उठाए जाएं, ताकि यात्रियों और नागरिकों को राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट