बलौदा बाजार

होली पर जमकर छलका जाम
06-Mar-2026 9:58 PM
होली पर जमकर छलका जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 6 मार्च। होली का त्योहार रंग, उमंग और आपसी मेलजोल का प्रतीक है, लेकिन पलारी क्षेत्र में इस बार अलग ही तस्वीर देखने को मिली। सुबह दुकानें खुलते ही शराब दुकानों के बाहर हजारों की भीड़ जुट गई। हालात ऐसे रहे कि देर रात तक शराब खरीदने के लिए लंबी कतारें लगी रही।

पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल शराब दुकानों पर बना रहा। मुख्य बाजार के अलावा गिधपुरी और रोहांसी समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला. लोगों को ऐसा लगा कि शायद अगले दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी, इस वजह से लोगों में पहले ही शराब खरीदने की होड़ लग गई।

1 करोड़ से ज्यादा की

बिकी शराब

लोगों ने बताया कि शराब की दुकानें जैसे ही सुबह के वक्त खुली, लोग लाइन लगाकर मौके पर खड़े हो गए। गर्मी जरूर लोगों को परेशान कर रही थी लेकिन शराब खरीदने की होड़ में लोग घंटों धूप में तपते रहे। कई बार तो लाइन में खड़े रहने और घुसने को लेकर लोगों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। पुलिस जब डंडे फटकारती तो लाइन में खड़े लोग सतर्क हो जाते।

1 दिन में 1 करोड़ से ज्यादा की बिकी शराब

होली के पहले दिन शराब की बिक्री ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अनुमान है कि पलारी, गिधपुरी और रोहांसी की तीनों दुकानों में मिलाकर एक ही दिन में 1 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त स्टॉक मंगाया गया था, लेकिन मांग इतनी तेज रही कि कई बार स्टॉक कम पडऩे की स्थिति बन गई। दुकान संचालकों का कहना है कि होली पर हर साल बिक्री बढ़ती है, लेकिन इस बार भीड़ असाधारण रही। लोगों ने अधिक मात्रा में खरीदारी की।

प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया था कि रात 10 बजे दुकानें बंद होंगी और अगले दिन होली पर अवकाश रहेगा। इसी सूचना के बाद शराब प्रेमियों में हडक़ंप मच गया। लोगों ने त्योहार के लिए जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की कोशिश की। जैसे-जैसे शाम ढलती गई, भीड़ और बढ़ती गई। कई लोग अंतिम समय तक लाइन में खड़े रहे।

 शराब दुकानों के पास रहने वाले लोगों ने भीड़ और हंगामे को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि हर साल त्योहार के मौके पर इस तरह के हालात बनते हैं। स्थानीय लोगों को आने जाने से लेकर शराबियों तक से परेशानी उठानी पड़ती है।


अन्य पोस्ट