बलौदा बाजार

कई दुकानों के शटर टूटे, लगातार चोरियों से कारोबारियों में दहशत
01-Mar-2026 8:36 PM
कई दुकानों के शटर टूटे, लगातार चोरियों से कारोबारियों में दहशत

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 मार्च। बलौदाबाजार नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है। बुधवार रात को मेसर्स कल्पना वस्त्रालय में शटर पट्टी तोडक़र चोरी करने का प्रयास किया गया। इससे पूर्व भी इसी प्रतिष्ठान में चोरी की कोशिश हो चुकी है। शुक्रवार रात पुन: शटर पट्टी तोडक़र अंदर घुसने का प्रयास किए जाने से व्यापारियों में आक्रोश है।

व्यापारियों का कहना है कि इन दिनों मंडी रोड, सब्जी मार्केट, सदर बाजार, पुराना नगरपालिका रोड एवं बंशीधर बिजनेस सेंटर क्षेत्र में अधिकांश दुकानों के ताले एवं शटर पट्टियां तोडक़र नए तरीके से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पूर्व इसी मार्केट में गुप्ता जी की किराना दुकान में भी चोरी की वारदात हुई थी।

नगर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और लगातार हो रही चोरियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष लक्ष्मी साहू एवं महामंत्री शिव प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रात्रि में दोपहिया वाहन से नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा मार्केट क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान ईश्वर हरिमानी, दुर्गाप्रसाद जायसवाल, राजेश रोहरा, दिलीप रोहरा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं व्यापारियों के हितों की रक्षा करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट