बलौदा बाजार

गर्भवती की इलाज के दौरान मौत
01-Mar-2026 8:21 PM
 गर्भवती की इलाज के दौरान मौत

इंजेक्शन लगाने के बाद हालत बिगड़ी-परिजनों का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 मार्च। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम छेरकाडीह में 25 वर्षीय गर्भवती की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। परिजनों और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उपचार को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

मृतका इंदु साहू को सर्दी-खांसी की शिकायत थी। परिजनों के अनुसार वह गुरुवार को गांव में ही एक निजी क्लिनिक में उपचार के लिए गई थीं। उनका कहना है कि उपचार के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी हालत खराब हुई और वे अचेत हो गईं।

उधर संबंधित चिकित्सक जयंत साहू ने कहा कि महिला को सामान्य सर्दी-खांसी की समस्या थी और वह लगभग 15-20 मिनट क्लिनिक में रही। उनके अनुसार अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने बताया कि बेहोश होने पर पानी पिलाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। जब महिला घर नहीं लौटी तो परिजन क्लिनिक पहुंचे और उसे अचेत अवस्था में पाया। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया।

अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि महिला की मृत्यु अस्पताल लाने से पहले हो चुकी थी। बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा के अनुसार शव दोपहर लगभग 2 बजे अस्पताल लाया गया था।

अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों के बीच चर्चा हुई, लेकिन अंतत: उन्होंने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कानूनी जानकारों के अनुसार, बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार होने से आगे की कानूनी प्रक्रिया जटिल हो सकती है। यदि भविष्य में शिकायत दर्ज होती है, तो जांच उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।


अन्य पोस्ट