बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 27 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 89 वर्ष की वृद्ध महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। पुलिस में सूचना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है, वहीं समाज के लोगों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने थाना भाटापारा ग्रामीण में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बुजुर्ग महिला, जो चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं, उनके साथ रात के समय आरोपी ने रेप किया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी घर में घुसकर महिला के साथ गलत कार्य कर चुका है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 64(2)(ड) और 332 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की। रिपोर्ट दर्ज होने के दो घंटे के भीतर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वृद्ध महिला के साथ रेप करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी हेमंत पटेल का कहना है कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता से जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना जारी है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके।


