बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत बजट 2026 में बलौदाबाजार जिले से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं की गई हैं। इनमें सडक़, शिक्षा, सिंचाई, शहरी अधोसंरचना, औद्योगिक क्षेत्र और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।
ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक
बजट घोषणा के अनुसार जिले में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए परसाभदेर स्थित पीएचई कार्यालय के पीछे, मजिस्ट्रेट कॉलोनी के पास लगभग ढाई एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। प्रस्तावित व्यवस्था में कंप्यूटराइज्ड और सेंसर आधारित प्रणाली से ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। निर्धारित मानकों को पूरा करने पर ही लाइसेंस जारी किया जाएगा।
सडक़ और सिंचाई परियोजनाएं
कसडोल से बागबाहरा होते हुए गरियाबंद तक सडक़ निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मोहमेला-सिरपुर बैराज निर्माण के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इस परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढऩे की संभावना जताई गई है।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रावधान
शासकीय दाऊ कल्याण कला वाणिज्य विज्ञान एवं विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। यहां स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी और स्टार्टअप प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।
मिनी माता कॉलेज को स्नातकोत्तर महाविद्यालय का दर्जा देने की घोषणा की गई है। भाटापारा में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रावधान है। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के तिल्दा क्षेत्र में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
अन्य घोषणाएं
गिरौदपुरी मेले के लिए अनुदान 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किए जाने का प्रावधान है। मटिया (कसडोल) में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की घोषणा की गई है। सोनाखान भवन के उन्नयन के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
भाटापारा में मॉडल उप-पंजीयन कार्यालय स्थापित करने और बलौदाबाजार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान गुड़ी विकसित करने की भी घोषणा की गई है।


