बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रेत खनन और परिवहन को लेकर स्थानीय लोगों ने ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय हाईवा और ट्रैक्टर के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा रहा है। उनके अनुसार, कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत भरी जाती है। आरोप है कि कई वाहन बिना ढके या आंशिक रूप से ढके हुए चलते हैं, जिससे रास्ते में रेत गिरती है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सडक़ पर गिरी रेत के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उनका कहना है कि विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं सामने आई हैं।
कुछ ग्रामीणों ने यह भी कहा कि ओवरलोड वाहनों से उड़ती रेत के कारण दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में प्रशासन या संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।


