बलौदा बाजार
बलौदाबाजार में एसीबी की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी में एसीबी ने जनपद पंचायत पलारी में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार को की गई।
एक लाख मांगे थे
एसीबी के अनुसार, एक व्यक्ति का राजस्व संबंधी कार्य एसडीओ कार्यालय में लंबित था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कार्य पूर्ण करने के बदले एसडीओ ने एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता द्वारा पूरी राशि देने में असमर्थता जताने पर भी कथित रूप से मांग बरकरार रखी गई।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
एसीबी को शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजना बनाई। तय प्रक्रिया के तहत शिकायतकर्ता 25 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर एसडीओ के पास पहुंचा। एसीबी के अनुसार, राशि स्वीकार करते समय टीम ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी द्वारा कार्यालय की तलाशी ली जा रही है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एजेंसी ने बताया कि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
मामले में विस्तृत जांच जारी है।


