बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 फऱवरी। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा की माता स्व. कुसुम सिन्हा की पुण्य स्मृति में उनकी आत्मा की शांति हेतु शांति हवन का आयोजन बुधवार को मुख्य न्यायाधीश के शासकीय आवास, उच्च न्यायालय आवासीय परिसर बोदरी, बिलासपुर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव,उच्च न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महाधिवक्ता, पुलिस महानिदेशक, अध्यक्ष एवं सचिव उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, वरिष्ठ अधिवक्तागण, प्रशासन एवं पुलिस के विभाग के अधिकारीगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारीगण, जिला न्यायपालिका के न्यायिक अधिकारी गण, अधिवक्तागण, उच्च न्यायालय के कमर्चारी गण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शांति हवन सम्पन्न हुआ। भजन संध्या पश्चात शोक सभा का आयोजन किया गया तथा सभी उपस्थितजनों द्वारा मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की माता स्वर्गीय कुसुम सिन्हा के जीवन, उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संस्कारों एवं पारिवारिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद ने सदैव जीवन में कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा एवं सेवा भाव की प्रेरणा दी। माताजी के स्नेह और आशीर्वाद की स्मृतियाँ सदैव शक्ति एवं प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी।


