बलौदा बाजार

छात्राओं को मिली साइकिल
18-Feb-2026 6:40 PM
छात्राओं को मिली साइकिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 फरवरी।
ग्राम करहीबाज़ार स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने इसे उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना दिया।
इस अवसर पर साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था। उन्होंने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढऩे का विश्वास जताया।

सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करना, ड्रॉपआउट दर को कम करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना केवल एक साइकिल वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को पंख देने का अभियान है। जब हमारी बेटियाँ शिक्षा की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती हैं, तब समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त होते हैं। शासन की यह पहल निश्चित ही बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देगी। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा का समान अवसर मिले, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर समाज और देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। साथ में शाला विकास समिति के अध्यक्ष सियाराम चक्रधरी जनपद सभापति प्रतिनिधि राजेश पटेल प्राचार्या ईश्वर लाल देवदास एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट