बलौदा बाजार

मछली के जाल में फंसा मगरमच्छ
17-Feb-2026 7:46 PM
मछली के जाल में फंसा मगरमच्छ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 फरवरी। ग्राम हरदी में एक तालाब में मछली पकडऩे के लिए डाले गए जाल में मगरमच्छ फंस गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव (रेस्क्यू)ऑपरेशन चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे जंगल सफारी नवा रायपुर में स्थानांतरित किया गया।

वन विभाग के अनुसार, ग्राम हरदी बरनवापारा अभयारण्य के समीप स्थित है। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में डाले गए जाल में मगरमच्छ उलझ गया था। जानकारी मिलते ही विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई।

 एक घंटे चला बचाव अभियान

वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर टीम ने जाल में फंसे मगरमच्छ को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ को बिना चोट पहुंचाए नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। लगभग एक घंटे की प्रक्रिया के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मगरमच्छ को निकालने के बाद उसकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जाल में फंसने से उसे कोई गंभीर चोट न आई हो।

ग्रामीणों का सहयोग

रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ वन प्रबंधन समिति हरदी के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने सहयोग किया। वन विभाग ने ग्रामीणों द्वारा समय पर सूचना देने की सराहना की।

मानव-वन्यजीव संपर्क का मुद्दा

वन अधिकारियों ने बताया कि अभयारण्य क्षेत्र के आसपास स्थित गांवों में जल स्रोतों के कारण कभी-कभी वन्यजीव पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल सूचना देना और दूरी बनाए रखना आवश्यक है।

वन विभाग ने अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर लोग स्वयं हस्तक्षेप न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से कार्रवाई की जा सके।


अन्य पोस्ट