बलौदा बाजार

बोर्ड परीक्षाओं से पहले ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग
17-Feb-2026 3:05 PM
बोर्ड परीक्षाओं से पहले ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग

उड़ रही कोलाहल अधिनियम की धज्जियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 फरवरी। जिला मुख्यालय में बीते कुछ दिनों से विभिन्न वैवाहिक, धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। यह स्थिति ऐसे समय में है जब कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं निकट हैं और विद्यार्थी तैयारी में जुटे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रमों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है। कुछ अभिभावकों ने चिंता जताई है कि इससे परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा 5 फरवरी को डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर निर्देश जारी किए गए थे।

 आदेश में कहा गया है कि जिला मुख्यालय में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुमति के बाद ही लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकेगा। साथ ही रात्रि 10 से प्रात: 6 बजे के बीच इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, कुछ स्थानों पर निर्धारित समय के बाद भी ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बोर्ड परीक्षाओं की समय-सारणी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा बोर्ड परीक्षा 2026 की समय-सारणी के अनुसार हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक और हाई स्कूल (10वीं) की परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित की जाएगी। दोनों ही परीक्षाएं सुबह 9 से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन से नियमों के पालन की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि परीक्षाओं के दौरान अनावश्यक व्यवधान न हो।


अन्य पोस्ट