बलौदा बाजार

शराब तस्करी, 3 नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार
16-Feb-2026 3:49 PM
शराब तस्करी, 3 नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार,16 फरवरी। भाटापारा शहर पुलिस ने नाबालिग बालकों के माध्यम से अवैध शराब परिवहन और बिक्री कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी को थाना भाटापारा शहर पुलिस द्वारा शहर पेट्रोलिंग एवं भ्रमण के दौरान सुरखी रोड छात्रावास के पास तथा रावणभाटा मैदान के किनारे दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं बिक्री करते हुए तीन अपचारी बालकों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस ने बालकों के कब्जे से कुल 7200 रुपये मूल्य की 72 पाव देशी मसाला शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की। पूछताछ के दौरान विधि से संघर्षरत बालकों ने बताया कि उनसे अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री जितेंदर टंडन उर्फ गप्पू और गौतम यदू द्वारा कराई जा रही थी। दोनों आरोपी बालकों को नाबालिग जानते हुए आर्थिक प्रलोभन देकर इस अवैध कार्य में इस्तेमाल कर रहे थे। बालकों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना भाटापारा शहर पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 78 किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में विधि से संघर्षरत तीनों बालकों तथा दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर  न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—जितेंदर टंडन उर्फ गप्पू, निवासी लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, पटपर, थाना भाटापारा ग्रामीणगौतम यदू, निवासी सुभाष वार्ड, भाटापारा, थाना भाटापारा शहरविधि से संघर्षरत तीन बालक।  पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बिक्री, परिवहन या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर समाज को अपराधमुक्त बनाया जा सके।


अन्य पोस्ट