बलौदा बाजार

डाढाखार हत्याकांड का खुलासा, पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव विवाद पर की हत्या, गिरफ्तार
15-Feb-2026 8:16 PM
डाढाखार हत्याकांड का खुलासा, पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव विवाद पर की हत्या, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 फरवरी। थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाढाखार में एक व्यक्ति की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर लकड़ी के डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार ग्राम डाढाखार निवासी इतवारी राम पैकरा को 7 अप्रैल 2025 को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार हेतु जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया था, जहां 8 अप्रैल 2025 को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले में मर्ग जांच पंजीबद्ध कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सिर पर किसी कठोर वस्तु से गंभीर और घातक चोट पहुंचाने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर थाना कसडोल में धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा मृतक के परिजनों और आसपास मौजूद स्वतंत्र गवाहों से विस्तृत पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा ने पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात, गांव में बड़ा बैगा बनने जैसी बातों को लेकर तथा पुरानी रंजिश के चलते मृतक से विवाद किया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए पास में पड़े लकड़ी के डंडे से सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे मृतक बेहोश होकर गिर पड़ा और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय आसपास कुछ लोग मौजूद थे, जिन्हें आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण गवाहों ने प्रारंभिक रूप से पुलिस को जानकारी नहीं दी थी।

पुलिस द्वारा तथ्यों के आधार पर आरोपी नरेश पैकरा ग्राम डाढाखार थाना कसडोल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को 14 फरवरी को  गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट