बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 फरवरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने निवेश पर अधिक रिटर्न देने का झूठा प्रलोभन देकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ‘ङ्कढ्ढक्क ट्रेड’ नामक फर्जी कंपनी बनाकर लोगों से 10 से 12 प्रतिशत प्रतिमाह गारंटीड रिटर्न देने का झांसा देकर कुल 8,06,640 की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रामचंद्र वस्त्रकर, निवासी श्याम कॉलोनी बलौदाबाजार ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई 2025 से 19 अक्टूबर 2025 के बीच आरोपियों ने निवेश पर अधिक लाभ का लालच देकर उनसे राशि जमा करवाई। आरोपियों ने प्रतिदिन पैसे में ग्रोथ होने और बाद में पैसा निकाल लेने का झूठा आश्वासन दिया, लेकिन जब प्रार्थी ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने मोबाइल बंद कर संपर्क समाप्त कर दिया। मामले में थाना सिटी कोतवाली में धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों की जानकारी जुटाई गई, जिससे यह सामने आया कि आरोपी राजस्थान से ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।पुलिस टीम ने न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत केंद्रीय कारागार अजमेर सहित राजस्थान से चारों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने ‘ङ्कढ्ढक्क ट्रेड’ नामक कंपनी बनाकर निवेशकों को अधिक रिटर्न का लालच देकर ठगी करना स्वीकार किया।
सभी आरोपियों को 13 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण विवेचना में है।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल समद, लोकेश चौधरी, कैलाश चौधरी, धीरज गट्टानी चारों निवासी राजस्थान हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी ङ्कढ्ढक्क ट्रेड कंपनी द्वारा ठगी की गई हो, तो तत्काल थाना सिटी कोतवाली या साइबर सेल में संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।


