बलौदा बाजार

अंबुजा सीमेंट संयंत्र में चोरी, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार
13-Feb-2026 6:08 PM
अंबुजा सीमेंट संयंत्र में चोरी, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 फरवरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अंबुजा सीमेंट संयंत्र रवान में चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लोहे का सामान और केबल वायर जब्त किया गया है।

प्रार्थी अनूप पटेल, निवासी अंबुजा सीमेंट रवान सिक्योरिटी बैरक द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 11 फरवरी की रात करीब 2 बजे क्लींकर सिलो एरिया में अज्ञात आरोपियों द्वारा संयंत्र से लोहे की रॉड, केबल वायर एवं अन्य सामान चोरी कर बाउंड्री के उस पार फेंका जा रहा था। आवाज लगाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र कुमार मांडले ग्राम खैरताल अर्जुनी  एवं विधि से संघर्षरत एक बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर संयंत्र में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर संयंत्र से चोरी किया गया लोहे का सामान एवं केबल वायर जब्त किया गया है।पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट